हनुमानगढ़ जिले में मंगलवार को ग्राम रथ अभियान की शुरुआत हुई। कलेक्ट्रेट परिसर से जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव और भादरा विधायक संजीव बेनीवाल ने प्रचार रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन रथों का उद्देश्य विधानसभा क्षेत्रों में जन जागरूकता फैलाना है। इस अवसर पर एडीएम उम्मेदीलाल मीणा, पूर्व विधायक गुरदीप शाहपीनी, सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता शिवचरण रेगर, भाजपा नेता भारत भूषण शर्मा सहित कई विभागों के अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। हर ग्राम पंचायत में करीब 1 घंटा रूकेगी वैन अभियान के नोडल अधिकारी और जिला परिषद के सीईओ ओपी बिश्नोई ने बताया कि इसका मुख्य उद्देश्य राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी ग्रामीण क्षेत्रों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना है। इसके लिए एलईडी मोबाइल वैन के जरिए ऑडियो-वीडियो सामग्री प्रदर्शित की जाएगी, ताकि आमजन को योजनाओं की विस्तृत जानकारी मिल सके। ये रथ जिले के विभिन्न गांवों में भ्रमण करेंगे और किसानों, पशुपालकों तथा ग्रामीण नागरिकों को सरकारी योजनाओं के लाभ, पात्रता मानदंड और आवेदन प्रक्रिया के बारे में जागरूक करेंगे। इससे ग्रामीणों को योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल पाएगा। ग्रामीणों से सुझाव भी लिए जाएंगे अधिकारियों के मुताबिक अभियान के तहत कृषि, पशुपालन, शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इस दौरान ग्रामीणों की समस्याओं और सुझावों को भी संकलित किया जाएगा, जिससे योजनाओं के क्रियान्वयन में सुधार किया जा सके। कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने इस अभियान को सरकार और ग्रामीण जनता के बीच संवाद का एक मजबूत माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि इससे योजनाओं की जानकारी सीधे लोगों तक पहुंचेगी और लाभार्थियों की संख्या में वृद्धि होगी। अभियान के तहत जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में रथ निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करेंगे।