हनुमानगढ़ में पल्लू क्षेत्र स्थित ब्राह्मणी माता मंदिर में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने कुख्यात 'गुलेल गैंग' की मुख्य सरगना काली बावरिया को गिरफ्तार किया है। इस महिला आरोपी पर 15 हजार रुपए का इनाम घोषित था। आरोपी काली उर्फ संतरो (45) हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के पडतल गांव की निवासी है। गौरतलब है कि बीते 20 अक्टूबर 2025 को पल्लू स्थित मां ब्रह्माणी मंदिर के पुजारी ने पल्लू थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट के अनुसार रात के समय चोरों ने मंदिर का ताला तोड़कर प्रवेश किया और करीब 8 किलोग्राम चांदी से बनी मूर्ति, काली माता का चांदी का मुकुट, छत्र सहित अन्य आभूषण चोरी कर लिए थे। इस घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। गैंग के कई सदस्यों को पहले पकड़ी चुकी पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन किया और आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान, इस गिरोह के कई सदस्यों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें हरियाणा और राजस्थान के विभिन्न क्षेत्रों के आरोपी शामिल हैं। पुलिस ने एक बाल अपचारी को भी हिरासत में लेकर बाल सुधार गृह भेजा था। मामले की जांच में जुटी पुलिस अब पुलिस ने गिरोह की मुख्य सरगना काली उर्फ संतरो को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला ही इस पूरे गिरोह का संचालन कर रही थी और मंदिर चोरी की इस वारदात में उसकी अहम भूमिका थी। आरोपी महिला से पूछताछ जारी है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके द्वारा की गई अन्य वारदातों के बारे में जानकारी जुटा रही है। पुलिस ने दावा किया है कि 'गुलेल गैंग' लंबे समय से मंदिरों और धार्मिक स्थलों को निशाना बनाता रहा है। इस गिरफ्तारी से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगेगा और जल्द ही पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में एएसआई हेमराज, कॉन्स्टेबल ओमप्रकाश, हरलाल और महिला कॉन्स्टेबल मनीषा शामिल थे।