हनुमानगढ़ जिले के करणीसर गांव स्थित गुरुद्वारा में चोरों ने गोलक तोड़कर लगभग 55 हजार रुपए की नकदी चोरी कर ली। इस संबंध में सदर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। एक सप्ताह के भीतर गुरुद्वारे में चोरी की यह दूसरी घटना है, जिससे ग्रामीणों और संगत में नाराजगी है। पुलिस नेचोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। करणीसर निवासी कुलदीप सिंह ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि अज्ञात ने गुरुद्वारा का ताला तोड़ा और अंदर प्रवेश कर गए। उन्होंने गोलक तोड़कर उसमें रखी लगभग 55 हजार रुपए की चढ़ावे की राशि चुरा ली। चोरी की इस घटना का पता सुबह गुरुद्वारा खुलने पर चला, जिसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचित किया। ढालिया गांव में गुरुद्वारा में भी हुई थी चोरी सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। उल्लेखनीय है कि इससे पहले गांव ढालिया के एक गुरुद्वारा में भी चोरी की वारदात हुई थी, जिसमें लगभग डेढ़ लाख रुपए चुराए गए थे। चोरियों का खुलासा करने की मांग ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि पूर्व की चोरी की घटना का अब तक खुलासा नहीं हो पाया है, जिससे चोरों के हौसले बढ़े हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से दोनों वारदातों का जल्द खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। ग्रामीणों ने धार्मिक स्थलों को लगातार निशाना बनाए जाने पर चिंता व्यक्त की। हाल के दिनों में जिले में धार्मिक स्थलों पर चोरी की घटनाओं में वृद्धि देखी गई है। एक महीने पहले गांव चंदूरवाली में हनुमान मंदिर के दानपात्र से भी लगभग 45 हजार रुपए चोरी हुए थे। इन लगातार हो रही घटनाओं के बाद धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।