हनुमानगढ़ जिले में आज भी भीषण गर्मी का दौर जारी है। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। हालांकि सोमवार से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है, और आने वाले दिनों में मौसम बदलने के साथ आंधी-बारिश की संभावना जताई गई है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, 26 अप्रैल को जिले में अधिकतम तापमान लगभग 45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दिन के समय लू जैसे हालात बने रहने की संभावना है, जिससे लोगों को तीव्र गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। एक-दो दिन में भीषण गर्मी से मिलेगी राहत मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, 27 अप्रैल को आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। वहीं, 28 और 29 अप्रैल को आंधी और बिजली चमकने के साथ बारिश की संभावना व्यक्त की गई है। मौसम विशेषज्ञों ने बताया कि पश्चिमी राजस्थान सहित उत्तर भारत के कई हिस्सों में इन दिनों गर्म और शुष्क हवाओं का प्रभाव है, जिससे तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है। स्कूलों, आंगनबाड़ियों का कल से समय बदला भीषण गर्मी के मद्देनजर स्कूलों और आंगनबाड़ियों के समय में बदलाव किया गया है। सोमवार से नर्सरी से 8वीं कक्षा तक के स्कूल सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक संचालित होंगे, जबकि आंगनबाड़ियों का समय सुबह 7 बजे से 11 बजे तक रहेगा। गर्मी के दौरान हो रही अघोषित बिजली कटौती के बीच डिस्कॉम ने उपभोक्ताओं को राहत प्रदान की है। बिजली संबंधी शिकायतें दर्ज कराने के लिए निगम ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। उपभोक्ता कंट्रोल रूम के लैंडलाइन नंबर 01552-260548, मोबाइल नंबर 94140-59833 और एफआरटी हेल्पडेस्क नंबर 85050-40714, 85050-40715 पर किसी भी समय शिकायत दर्ज करा सकते हैं।