पश्चिमी विक्षोभ के लंबे दौर के बाद अब हनुमानगढ़ में भी गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान में लगातार बढ़ोतरी की संभावना जताई है। 18 अप्रैल से जिले में हीटवेव (लू) का प्रभाव शुरू होने का अलर्ट जारी किया गया है, जिसके चलते लोगों को तेज गर्मी और लू के थपेड़ों का सामना करना पड़ेगा। मौसम विज्ञान केंद्र के 7 दिन के पूर्वानुमान के अनुसार, आज अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। 16 और 17 अप्रैल को यह बढ़कर 42 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है। 18 अप्रैल को तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है, और इसी दिन से हीटवेव का असर शुरू हो जाएगा। इसके बाद 19 और 20 अप्रैल को भी तापमान 42 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने दिन के तापमान में लगातार वृद्धि के साथ लू चलने की शुरुआत की पुष्टि की है। विशेष रूप से शनिवार को हीटवेव के तेज होने की आशंका है। इस दौरान दोपहर के समय बाहर निकलना स्वास्थ्य के लिए जोखिम भरा हो सकता है, जिससे बचने की सलाह दी गई है। तेज गर्मी का असर अब आमजन की दिनचर्या पर भी स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। दोपहर के समय सड़कों पर आवाजाही कम हो गई है, और लोग अपने आवश्यक कार्य सुबह या शाम के समय ही निपटा रहे हैं। बाजारों में भी दोपहर के वक्त सन्नाटा पसरा नजर आ रहा है। विशेषज्ञों ने लोगों को गर्मी से बचाव के लिए पर्याप्त पानी पीने, धूप में निकलते समय सिर को ढककर रखने और अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है।