हनुमानगढ़ जिले में गर्मी ने पूरी तरह दस्तक दे दी है और तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है। दिन और रात के तापमान का अंतर कम हो रहा है, जिससे गर्मी का एहसास लगातार बढ़ रहा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में गर्मी और तेज होगी तथा अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। रविवार को अधिकतम तापमान करीब 39 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 20 से 22 अप्रैल के बीच अधिकतम तापमान 40 डिग्री के आसपास बना रहेगा। इसके बाद 23 अप्रैल को तापमान 41 डिग्री और 24 अप्रैल को 42 डिग्री तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। इस दौरान मौसम मुख्यतः साफ रहेगा और तेज धूप के कारण दिन के समय गर्मी का असर अधिक महसूस होगा। आने वाले दिनों में और बढ़ेगी गर्मी रविवार को जिले के कुछ हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन इसके बाद पूरे सप्ताह साफ मौसम रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, शुष्क हवाओं और तेज धूप के चलते तापमान में लगातार बढ़ोतरी होती रहेगी। अप्रैल के दूसरे पखवाड़े से ही उत्तर-पश्चिम राजस्थान में गर्मी तेजी से बढ़ने लगती है। दिन के समय तेज धूप और कम आर्द्रता के कारण लू चलने की स्थिति बन जाती है। हालांकि, इस साल पश्चिमी विक्षोभ का असर बना रहने के चलते गर्मी थोड़ी देर से शुरू हुई है। दोपहर में सड़कें हो जाती है सूनी बढ़ती गर्मी का असर आमजन की दिनचर्या पर भी पड़ने लगा है। सुबह के समय सड़कें सूनी नजर आ रही हैं। बाजारों में भीड़ कम हो रही है और लोग जरूरी काम सुबह या शाम के समय निपटा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में भी किसान सुबह जल्दी और शाम को खेतों में काम कर रहे हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को गर्मी से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी है। उन्होंने अधिक पानी पीने, धूप में बाहर निकलने से बचने और सिर को ढककर रखने की अपील की है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में गर्मी और तेज होने की चेतावनी दी है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है।