हनुमानगढ़ के रावतसर क्षेत्र में वन विभाग ने अवैध खेजड़ी कटाई और परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान भारी मात्रा में लकड़ी और सात वाहनों को जब्त किया गया। इस कार्रवाई से अवैध लकड़ी तस्करों में हड़कंप मच गया है। क्षेत्रीय वन अधिकारी सर्वजीत सिंह ने बताया कि डीएफओ सुरेश आबूसरिया के निर्देश पर पिछले कुछ समय से खेजड़ी की अवैध कटाई की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इन शिकायतों के बाद विभाग ने विशेष निगरानी शुरू की। बीती रात एक योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई को अंजाम दिया गया। सहायक वनपाल विनोद बिश्नोई को अपनी टीम के साथ झेदासर-न्यौलखी मार्ग पर तैनात किया गया। टीम ने बरमसर, धांधूसर और झेदासर की ओर से आ रहे वाहनों की सघन जांच की। जांच के दौरान छह पिकअप और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोका गया। तलाशी लेने पर इनमें भारी मात्रा में अवैध खेजड़ी और शीशम की लकड़ी भरी हुई मिली। वन विभाग ने तत्काल सभी वाहनों को जब्त कर रावतसर वन रेंज कार्यालय में खड़ा करवा दिया। विभाग के अनुसार, जब्त की गई लकड़ी का वजन लगभग 200 क्विंटल है। इसे क्षेत्र में अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक माना जा रहा है। इस मामले में पांच लोगों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि अवैध कटाई से पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंच रहा है और खेजड़ी जैसे महत्वपूर्ण पेड़ों का संरक्षण आवश्यक है। विभाग अब लकड़ी के स्रोत और इसमें शामिल अन्य व्यक्तियों की भी गहनता से जांच कर रहा है।