शहर के सोनी मार्केट स्थित एक ज्वेलर्स ने दूसरे स्वर्णकार पर लगभग 550 ग्राम सोना हड़पने का आरोप लगाया है। इस संबंध में हनुमानगढ़ टाउन थाने में मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नई आबादी निवासी रामस्वरूप सोनी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी सोनी मार्केट में पंकज ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। उन्होंने आरोप लगाया कि टिब्बी क्षेत्र के शंकर ज्वैलर्स के संचालक सुनील कुमार, निवासी मल्लड़खेड़ा से उनके लंबे समय से व्यावसायिक संबंध थे। सुनील कुमार आभूषण बनाने में कुशल कारीगर होने के कारण वर्ष 2017 से उनके यहां आते-जाते थे और उन्हें समय-समय पर आभूषण तैयार करने के लिए सोना दिया जाता था। पीड़ित के अनुसार उनके परिवार में फरवरी 2026 में एक विवाह समारोह होना है। इसके लिए 2 सितंबर 2025 को 235 ग्राम सोना नए डिजाइन के आभूषण बनाने के लिए आरोपी सुनील कुमार को सौंपा गया था। शिकायत में यह भी उल्लेख है कि इससे पहले भी सुनील कुमार के पास 315 ग्राम सोना अमानत के तौर पर था। इस प्रकार कुल 550 ग्राम सोना उनके पास था। रामस्वरूप सोनी ने बताया कि तय समय बीतने के बाद भी सुनील कुमार ने न तो आभूषण तैयार कर लौटाए और न ही सोना वापस किया। लगातार संपर्क करने पर आरोपी टालमटोल करता रहा। परिवादी ने आरोप लगाया कि 1 फरवरी को आरोपी के परिजनों से भी बातचीत की गई, जिन्होंने जल्द समाधान का आश्वासन दिया, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। इसके बाद कई बार पंचायत भी बुलाई गई। पंचायत में आरोपी ने कथित रूप से स्वीकार किया कि उसने सोना बेच दिया है और अब वह न तो सोना वापस कर सकता है और न ही आभूषण बनाकर देगा। इसके बाद पीड़ित रामस्वरूप सोनी ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच एएसआई कैलाशचंद को सौंप दी है। पुलिस के अनुसार जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।