हनुमानगढ़ में जमीन बेचने के नाम पर 17 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। हनुमानगढ़ टाउन थाना पुलिस ने एक व्यापारी की शिकायत पर सात नामजद आरोपियों सहित अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, पंजाबी मोहल्ला निवासी दीक्षित गर्ग ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि फतेहगढ़ निवासी हरफूल सिंह ने खुद को चक 30 एसएसडब्ल्यू स्थित कृषि भूमि का मालिक बताया और जमीन बेचने का प्रस्ताव दिया। हरफूल सिंह ने दावा किया था कि जमीन विवाद रहित है और उसे बेचने का पूरा अधिकार उनके पास है। इसके बाद 21 मई 2025 को जमीन का लिखित इकरारनामा किया गया। जमीन का सौदा 13.50 लाख रुपए प्रति बीघा के हिसाब से तय हुआ था। सौदे के तहत, दीक्षित गर्ग ने आरोपियों को 5 लाख रुपए नकद और 12 लाख रुपए आरटीजीएस के माध्यम से, कुल 17 लाख रुपए पेशगी के तौर पर दिए। इस दौरान हरफूल सिंह के साथ उनके पुत्र गुरविंदर सिंह और गुरजंट सिंह भी मौजूद थे। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि इकरारनामे में यह शर्त रखी गई थी कि जमीन पर लगे न्यायालय के स्थगन आदेश को हटवाने के बाद रजिस्ट्री करवाई जाएगी। हालांकि, बाद में न तो जमीन की रजिस्ट्री करवाई गई और न ही दी गई राशि वापस लौटाई गई। प्रार्थी का आरोप है कि आरोपियों ने जानबूझकर जमीन से संबंधित वास्तविक स्थिति छिपाकर धोखाधड़ी की है। इस मामले में हरफूल सिंह, जसविंदर कौर, गुरविंदर सिंह, किरनदीप कौर, सुखप्रीत कौर, गुरजंट सिंह और रमेश कुमार स्वामी को नामजद किया गया है। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।