हनुमानगढ़ के टाउन थाना क्षेत्र में एक युवक पर उसकी पत्नी के परिजनों और उनके साथियों ने हमला कर दिया। यह घटना भभूतासिद्ध मंदिर में हुई, जहां युवक दर्शन करने गया था। हमले में युवक घायल हो गया और उसकी कार को भी नुकसान पहुंचा। पुलिस ने इस मामले में 3 नामजद सहित 5-6 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हाउसिंग बोर्ड निवासी मांगीलाल ने पुलिस को बताया कि उसने करीब 2 साल पहले इंद्रा नामक युवती से कोर्ट मैरिज की थी। इस शादी के बाद से ही पत्नी के परिजन उससे रंजिश रखते थे। 24 अप्रैल की रात करीब 7:45 बजे मांगीलाल अपनी पत्नी, 7 महीने के बेटे और परिचितों के साथ चक 2 एसएसडब्ल्यू स्थित भभूतासिद्ध मंदिर में दर्शन करने गए थे। तलवार से सिर और पैर पर किए वार मांगीलाल के मंदिर पहुंचते ही रवि, शंकर, विक्रम सहित 4-5 अन्य लोग वहां आ गए। आरोपियों के हाथों में तलवार, लाठी, गंडासी और ईंटें थीं। उन्होंने आते ही मांगीलाल पर हमला कर दिया और मारपीट शुरू कर दी। शंकर और विक्रम ने तलवार से मांगीलाल के सिर और पैर पर वार किए, जबकि अन्य आरोपियों ने लात-घूंसों से हमला किया। लोगों ने बीच-बचाव कर बचाया मांगीलाल के साथ गए लोगों और अन्य उपस्थित लोगों ने बीच-बचाव कर उसे हमलावरों से बचाया। उसे गाड़ी में बैठाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। हमले में मांगीलाल को चोटें आईं और उसकी कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के दौरान उसका मोबाइल फोन भी या तो गिर गया या आरोपियों ने छीन लिया। टाउन थाना में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और एएसआई विनोद कुमार मामले की जांच कर रहे हैं।