हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित मेडिकल कॉलेज परिसर में बुधवार को यातायात जागरूकता अभियान चलाया गया। सड़क हादसों की बढ़ती घटनाओं के मद्देनजर छात्र-छात्राओं और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने तथा सुरक्षित ड्राइविंग के लिए प्रेरित करना इसका मुख्य उद्देश्य था। अभियान के तहत कॉलेज परिसर में विभिन्न पोस्टरों के माध्यम से यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई। छात्रों को हेलमेट व सीट बेल्ट का उपयोग, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाना, मोबाइल का उपयोग न करना और ट्रैफिक सिग्नल का पालन करने जैसे महत्वपूर्ण नियमों से अवगत कराया गया। इस अवसर पर यातायात पुलिस निरीक्षक अनिल चिंदा ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सड़क पर छोटी-सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। चिंदा ने युवाओं से स्वयं नियमों का पालन करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। अभियान के दौरान नशे के दुष्प्रभावों पर भी विशेष रूप से चर्चा हुई। छात्रों को समझाया गया कि नशे की हालत में वाहन चलाना स्वयं उनके और अन्य लोगों के लिए खतरनाक हो सकता है। उन्हें नशे से दूर रहने और अवैध नशे के कारोबार की सूचना तुरंत पुलिस को देने के लिए भी प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी मौजूद छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और स्टाफ को "सड़क सुरक्षा-जीवन रक्षा" की शपथ दिलाई गई। सभी ने यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित व्यवस्था में सहयोग देने का संकल्प लिया। इस मौके पर मेडिकल कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. कीर्ति शेखावत और डॉ. मुकेश पोटलिया सहित अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद रहे। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने इस अभियान में भाग लेकर इसे सफल बनाया।