हनुमानगढ़ पुलिस ने जिले में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत एक नाबालिग को डिटेन किया है। यह नाबालिग हेरोइन तस्करी गिरोह को फर्जी सिम कार्ड उपलब्ध कराने में संलिप्त था। यह कार्रवाई पूर्व में दर्ज हेरोइन तस्करी के एक मामले में की गई है। 3 दिसंबर 2023 को संगरिया थाना पुलिस ने गश्त के दौरान भूपेंद्र सिंह निवासी भगवानगढ़, बठिंडा और नासिर निवासी सिकरौली, डांग को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने इनके कब्जे से 3 किलो 8 ग्राम हेरोइन, 2 पिस्टल और 14 कारतूस बरामद किए थे। इस संबंध में संगरिया थाने में एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। नाबालिग को संप्रेषण गृह भेजा मामले की जांच हनुमानगढ़ जंक्शन थाना पुलिस कर रही है। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी तस्करी के लिए फर्जी सिम कार्ड का उपयोग कर रहे थे। इसी आधार पर पुलिस ने नाबालिग को निरूद्ध किया, जो इन फर्जी सिमों को उपलब्ध कराने का काम कर रहा था। पुलिस ने नाबालिग को कोर्ट में पेश कर संप्रेषण गृह भेज दिया है। इस मामले में अब तक कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है। गिरोह के अन्य सदस्यों और पूरे नेटवर्क के संबंध में विस्तृत जांच जारी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह एक संगठित गिरोह है जो अलग-अलग राज्यों में सक्रिय होकर मादक पदार्थों की तस्करी कर रहा था। तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।