हनुमानगढ़ नगर निकाय चुनाव-2026 के तहत जिले के सभी आठ नगर निकायों में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एरिया मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। जिला मजिस्ट्रेट डॉ. खुशाल यादव ने हनुमानगढ़, संगरिया, टिब्बी, नोहर, भादरा, रावतसर, पीलीबंगा और गोलूवाला के लिए एरिया मजिस्ट्रेट नियुक्त किए हैं। साथ ही, चुनाव परिणाम के बाद विजय जुलूस, शक्ति प्रदर्शन, वाहनों के काफिले, पटाखे और आतिशबाजी सहित सार्वजनिक स्थानों पर भीड़ जुटाने पर प्रतिबंध लगाया गया है। आठ निकायों में अलग-अलग अधिकारी संभालेंगे जिम्मेदारी हनुमानगढ़, संगरिया, टिब्बी, नोहर, भादरा, रावतसर और पीलीबंगा नगर निकायों के लिए संबंधित तहसीलदार एवं कार्यपालक मजिस्ट्रेट को एरिया मजिस्ट्रेट बनाया गया है। वहीं, गोलूवाला के लिए नायब तहसीलदार एवं कार्यपालक मजिस्ट्रेट को यह जिम्मेदारी दी गई है। नियुक्त एरिया मजिस्ट्रेटों को राज्य निर्वाचन आयोग और संबंधित रिटर्निंग अधिकारी के निर्देशों के अनुसार अपने-अपने क्षेत्र में मौजूद रहकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। विजय जुलूस और शक्ति प्रदर्शन पर रहेगी रोक जिला मजिस्ट्रेट डॉ. खुशाल यादव ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए हैं। इसके तहत नगर निकाय चुनाव के नतीजे आने के बाद विजय जुलूस निकालने, शक्ति प्रदर्शन करने, वाहनों के काफिले निकालने, पटाखे चलाने और आतिशबाजी करने पर रोक रहेगी। इसके अलावा उत्तेजक नारेबाजी और सार्वजनिक स्थानों पर भीड़ इकट्ठा करने पर भी प्रतिबंध रहेगा। आदेश अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने तक लागू रहेंगे। सोशल मीडिया पर भी निगरानी, भड़काऊ सामग्री पर रोक प्रतिबंधात्मक आदेश में सोशल मीडिया या किसी अन्य इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से ऐसे संदेश, वीडियो, पोस्ट या अन्य सामग्री प्रसारित करने पर भी रोक लगाई गई है, जिससे तनाव फैलने या कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका हो। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 और अन्य कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी। 21 सितंबर को अध्यक्ष पद के लिए मतदान राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार, जिले के सभी आठ नगर निकायों में अध्यक्ष पद के लिए 21 सितंबर को चुनाव होगा। मतदान सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक कराया जाएगा। चुनाव में भाग लेने से पहले नवनिर्वाचित वार्ड सदस्यों को शपथ लेनी होगी। मतदान के बाद दोपहर 2 बजे से मतगणना शुरू होगी। यदि सभी सदस्य निर्धारित समय से पहले मतदान कर देते हैं, तो मतदान समाप्त होते ही मतगणना शुरू कर दी जाएगी। 22 सितंबर को उपाध्यक्ष पद का निर्वाचन उपाध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन प्रक्रिया 22 सितंबर को होगी। इसके लिए नामांकन सुबह 10 बजे से 11 बजे तक लिए जाएंगे। आवश्यकता होने पर इसी दिन दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान कराया जाएगा। सभी नवनिर्वाचित वार्ड सदस्यों से निर्धारित तिथि और समय पर संबंधित नगर निकाय के निर्धारित स्थल पर उपस्थित होकर निर्वाचन प्रक्रिया में भाग लेने का आह्वान किया गया है।