हनुमानगढ़ जिले की आठों नगर निकायों में पार्षदों के चुनाव के बाद अब अध्यक्ष पद को लेकर तस्वीर साफ होने लगी है। अध्यक्ष पद के लिए 15 और 16 सितंबर को नामांकन प्रक्रिया पूरी हुई, जिसमें जिले की आठों नगर निकायों में कुल 29 उम्मीदवारों ने 41 नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। इनमें संगरिया नगरपालिका में सबसे ज्यादा 9 उम्मीदवारों ने 14 नामांकन पत्र जमा किए हैं। अब 17 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी और जरूरत पड़ने पर 21 सितंबर को अध्यक्ष पद के लिए मतदान कराया जाएगा। संगरिया में सबसे ज्यादा उम्मीदवार अध्यक्ष पद के लिए संगरिया नगरपालिका में 9 उम्मीदवारों ने 14 नामांकन पत्र जमा किए हैं। इसके बाद हनुमानगढ़ नगर परिषद में 4 उम्मीदवारों ने 6 नामांकन पत्र, नोहर में 2 उम्मीदवारों ने 2, गोलूवाला में 2 उम्मीदवारों ने 2, टिब्बी में 2 उम्मीदवारों ने 3, रावतसर में 3 उम्मीदवारों ने 6, भादरा में 3 उम्मीदवारों ने 4 और पीलीबंगा में 4 उम्मीदवारों ने 4 नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। किस निकाय में कितने उम्मीदवार और नामांकन 17 सितंबर को नामांकन की जांच तय कार्यक्रम के अनुसार, 17 सितंबर 2026 को दोपहर 3 बजे तक संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों द्वारा अध्यक्ष पद के लिए दाखिल नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। जांच के बाद वैध उम्मीदवारों की स्थिति स्पष्ट होगी। 18 सितंबर तक नाम वापस लेने का मौका जो उम्मीदवार अध्यक्ष पद की दौड़ से अपना नाम वापस लेना चाहते हैं, वे 18 सितंबर को दोपहर 3 बजे से पहले संबंधित रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष व्यक्तिगत रूप से सूचना देकर नामांकन वापस ले सकेंगे। इसके बाद चुनाव मैदान में बचे उम्मीदवारों की तस्वीर स्पष्ट हो जाएगी। 21 सितंबर को होगा मतदान यदि अध्यक्ष पद के लिए चुनाव जरूरी हुआ तो 21 सितंबर 2026 को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक संबंधित नगर निकाय में चुने हुए सदस्यों की बैठक आयोजित कर मतदान कराया जाएगा। अध्यक्ष पद के चुनाव में संबंधित नगर निकाय के निर्वाचित पार्षद ही मतदान करेंगे। चुनाव प्रक्रिया संबंधित रिटर्निंग अधिकारी और सहायक रिटर्निंग अधिकारी की निगरानी में तय कार्यक्रम के अनुसार पूरी कराई जाएगी।