हनुमानगढ़ जिले ने राष्ट्रीय गैर संचारी रोग (एनपी-एनसीडी) कार्यक्रम के तहत राज्य स्तरीय रैंकिंग में महत्वपूर्ण सुधार किया है। मई 2026 की रैंकिंग में जिले ने 52.96 अंक प्राप्त कर पूरे राजस्थान में दूसरा स्थान हासिल किया है। इससे पहले मार्च 2026 में हनुमानगढ़ 13वें स्थान पर था। अधिकारियों के अनुसार नियमित मॉनिटरिंग, गुणवत्तापूर्ण कार्य, डेटा प्रबंधन में सुधार और फील्ड स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन के कारण महज 2 महीने में जिले ने शीर्ष जिलों में जगह बनाई है। राज्य स्तर पर यह रैंकिंग हर माह विभिन्न गतिविधियों की भौतिक एवं वित्तीय उपलब्धियों के आधार पर जारी की जाती है। टॉप पर आने की होगी कोशिश सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि जिले में गैर संचारी रोगों की समयबद्ध स्क्रीनिंग, मरीजों का नियमित उपचार, फॉलोअप, आवश्यक दवाओं की शत-प्रतिशत उपलब्धता और डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के प्रभावी संचालन से प्रदर्शन में लगातार सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि आगामी महीनों में और बेहतर कार्य करते हुए जिले को प्रथम स्थान पर पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। डिप्टी सीएमएचओ डॉ. अखिलेश शर्मा ने जानकारी दी कि एनपी-एनसीडी कार्यक्रम के तहत 30 साल से ज्यादा आयु के लोगों में उच्च रक्तचाप, मधुमेह तथा ओरल, ब्रेस्ट और सर्वाइकल कैंसर सहित पांच प्रमुख गैर संचारी रोगों की नियमित स्क्रीनिंग की जाती है। भारत सरकार द्वारा जारी रैंकिंग में एनसीडी पोर्टल पर उपलब्ध आंकड़ों को आधार बनाया जाता है।