जिले के पल्लू क्षेत्र में पराली से भरी एक पिकअप गाड़ी में आग लग गई। नोहर से पल्लू की ओर जा रही यह गाड़ी लाखेरा गांव के पास हादसे का शिकार हुई। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन वाहन मालिक को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। जानकारी के अनुसार पिकअप में सूखी पराली भरी होने के कारण आग तेजी से फैली और कुछ ही मिनटों में पूरी गाड़ी जलकर खाक हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते वाहन राख में बदल गया। लाखेरा गांव के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पानी के टैंकरों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। वाहन मालिक ने बताया कि गाड़ी में करीब 40 हजार रुपए नकद, जरूरी कागजात और आधार कार्ड सहित अन्य सामान रखा था, जो आग में जल गया। सूचना मिलने पर पल्लू थाना पुलिस मौके पर पहुंची। आग बुझाने के लिए रावतसर से फायर ब्रिगेड को बुलाया गया, लेकिन दमकल को घटनास्थल पर पहुंचने में लगभग 40 मिनट लग गए। तब तक आग सब कुछ नष्ट कर चुकी थी। इस घटना के बाद ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति नाराजगी देखी गई। उनका कहना है कि पल्लू जैसी बड़ी तहसील में अभी तक अग्निशमन सेवा की व्यवस्था नहीं है। ग्रामीणों ने मांग की है कि यदि पल्लू में ही दमकल उपलब्ध होती, तो आग पर जल्द काबू पाया जा सकता था और नुकसान को कम किया जा सकता था।