हनुमानगढ़ में कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में भारी बढ़ोतरी के विरोध में शनिवार को सीटू कार्यकर्ताओं ने जंक्शन क्षेत्र में जोरदार प्रदर्शन किया। देशव्यापी आह्वान पर लाल चौक के पास एकत्र हुए कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और प्रधानमंत्री का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर गैस सिलेंडर के बढ़े हुए दामों को तुरंत वापस लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस पर सरकार से राहत की उम्मीद थी, लेकिन इसके विपरीत गैस सिलेंडर महंगा कर आमजन और मजदूर वर्ग पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया गया है। माकपा नेता रघुवीर वर्मा ने इस बढ़ोतरी के प्रभावों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इसका सबसे अधिक असर छोटे व्यापारियों, ढाबा संचालकों, रेहड़ी-पटरी वालों और चाय-नाश्ते के ठेले लगाने वालों पर पड़ेगा। लागत बढ़ने से छोटे व्यवसाय चलाना मुश्किल हो जाएगा और आम आदमी को भी महंगाई का सीधा सामना करना पड़ेगा। सीटू जिला महासचिव शेरसिंह शाक्य ने इस मूल्य वृद्धि को "बेहद दुर्भाग्यपूर्ण" बताया। उन्होंने कहा कि मजदूर दिवस के दिन करीब 993 रुपए तक की बढ़ोतरी गरीब और मेहनतकश वर्ग के लिए गले में फंदा डालने जैसा है। शाक्य ने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियां आम जनता के बजाय बड़े कॉरपोरेट घरानों को लाभ पहुंचा रही हैं। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही यह बढ़ोतरी वापस नहीं ली तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने आगामी दिनों में रेल रोको आंदोलन सहित बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन करने की घोषणा की। इस प्रदर्शन में बीएस पेंटर, गुरुप्रेम सिंह, वली शेर, सुल्तान खान, वारिस अली, रिछपाल राठौड़, तरसेम सिंह, ओमप्रकाश, वेद मक्कासर, अनवर खान, सहीराम सहित बड़ी संख्या में मजदूर और कार्यकर्ता मौजूद थे।