हनुमानगढ़ में टाउन थाना पुलिस ने चोरी की कार और 2.50 लाख रुपए की संदिग्ध नकदी के साथ बीकानेर निवासी 3 युवकों को गिरफ्तार किया है। बरामद कार दिल्ली के नरेला इंडस्ट्रियल एरिया थाना क्षेत्र से चोरी हुई थी। पुलिस ने दिल्ली पुलिस को मामले की सूचना दे दी है। आरोपियों में बीकानेर जिले के बड़ा बास रासीसर निवासी नंदकिशोर (29), अनिल कुमार मंडा (26) और विष्णु देव (26) शामिल है। 30 जून को टाउन थानाधिकारी अशोक बिश्नोई के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त पर थी। डीएसटी प्रभारी राजपाल से सूचना मिलने पर पुलिस ने एक बिना नंबर की कार को रुकवाया। कार के डैशबोर्ड से मिली 2.50 लाख की नकदी कार में सवार तीनों संदिग्ध युवकों की तलाशी ली गई। वाहन के इंजन और चेसिस नंबर की जांच करने पर कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले। इसके बाद कार को मोटर वाहन अधिनियम के तहत जब्त कर लिया गया। तलाशी के दौरान कार के डैशबोर्ड से 2 लाख 50 हजार रुपए नकद बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी इस नकदी के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इस पर पुलिस ने बीएनएसएस की संबंधित धारा के तहत नकदी जब्त कर ली। दिल्ली से चुराई थी कार जांच में पता चला कि बरामद कार दिल्ली के नरेला इंडस्ट्रियल एरिया थाना क्षेत्र से चोरी हुई थी। इस संबंध में दिल्ली में 7 मई को मामला दर्ज है। हनुमानगढ़ पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर दिल्ली पुलिस को सूचना भेज दी है। पुलिस अब चोरी के वाहन, बरामद नकदी और आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी विस्तृत जांच कर रही है। मामले में दिल्ली पुलिस के साथ समन्वय बनाकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।