हनुमानगढ़ में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को दो अलग-अलग मामलों में सफलता मिली है। संगरिया और पल्लू थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हेरोइन सप्लायर और डोडा पोस्त तस्करी के वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। संगरिया थाना पुलिस ने वर्ष 2025 के एक हेरोइन तस्करी मामले में वांछित मुख्य सप्लायर अजय शर्मा उर्फ हन्नी (29), निवासी हरगोविंदनगर, मलोट, तथा वाहन मालिक लखवीर सिंह (33), निवासी पटेल नगर, मलोट को गिरफ्तार किया है। यह मामला 31 जनवरी 2025 का है। उस समय पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक कार से 63.53 ग्राम हेरोइन बरामद की थी। इस दौरान दो आरोपी परमजीत उर्फ पम्मा और मनप्रीत उर्फ प्रीत, निवासी मलोट को पकड़ा गया था। पूछताछ में उन्होंने बताया था कि यह मादक पदार्थ अजय शर्मा से खरीदा गया था। अब जांच के बाद मुख्य सप्लायर और वाहन मालिक को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, पल्लू थाना पुलिस ने वर्ष 2024 के एक मामले में कार्रवाई करते हुए 240 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त तस्करी के वांछित आरोपी मांगेराम खोथ उर्फ मोंटी (29), निवासी सोनड़ी, नोहर को गिरफ्तार किया है। यह मामला 7 अगस्त 2024 का है। उस समय पुलिस ने एक पिकअप वाहन से डोडा पोस्त बरामद कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। मांगेराम खोथ उर्फ मोंटी की गिरफ्तारी इसी मामले में हुई है। दोनों मामलों में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटा रही है।