हनुमानगढ़ में राजस्थान पुलिस का 77वां स्थापना दिवस गुरुवार को पुलिस लाइन में विभिन्न कार्यक्रमों के साथ मनाया गया। इस अवसर पर 107 पुलिसकर्मियों को उत्तम, अति उत्तम और सर्वोत्तम सेवा चिह्न से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत परेड ग्राउंड में सेरेमोनियल परेड से हुई। पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना ने परेड की सलामी ली और निरीक्षण किया। इसके बाद, पुलिस अधीक्षक ने 23 पुलिस जवानों को उत्तम सेवा चिह्न, 47 को अति उत्तम सेवा चिह्न और 37 को सर्वोत्तम सेवा चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। एसपी नरेंद्र सिंह मीना ने सभी सम्मानित जवानों को बधाई दी और भविष्य में अधिक मेहनत व समर्पण से सेवा करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने जयपुर में राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री से उत्कृष्ट सेवा पदक प्राप्त करने वाले यातायात प्रभारी अनिल चिंदा को भी बधाई दी। पौधारोपण और झांकी कार्यक्रम के बाद रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इसमें पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ-साथ आमजन ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।