हनुमानगढ़ पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान 'ऑपरेशन चक्रव्यूह' के तहत कार्रवाई की है। विभिन्न थाना क्षेत्रों में की गई कार्रवाई में पुलिस ने 141.98 ग्राम हेरोइन, 44.575 किलोग्राम डोडा पोस्त और प्रतिबंधित टेपेंटाडोल टैबलेट बरामद की हैं। इस दौरान 10 हजार रुपए के इनामी आरोपी सहित कई तस्करों को गिरफ्तार किया गया। सभी मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच जारी है। जंक्शन थाना पुलिस ने चक 22 एनपी, रायसिंहनगर निवासी चमकोर सिंह (45) को 133.60 ग्राम हेरोइन और एक बाइक के साथ पकड़ा। पुलिस के अनुसार, बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 27 लाख रुपए बताई जा रही है। वहीं, नोहर थाना पुलिस ने सोनड़ी निवासी महेश कुमार (38) को 8.38 ग्राम हेरोइन और बाइक सहित गिरफ्तार किया। डोडा पोस्त के साथ 2 आरोपियों को दबोचा गोगामेड़ी थाना पुलिस ने सुरेवाला निवासी सोनू (21) को 19.910 किलोग्राम डोडा पोस्त के साथ गिरफ्तार किया। सदर थाना पुलिस ने जंडावाली निवासी मुराद अली (31) को 4.385 किलोग्राम डोडा पोस्त सहित पकड़ा। संगरिया थाना पुलिस ने फतेहपुर निवासी दोना सिंह (24) को 20.280 किलोग्राम डोडा पोस्त के साथ दबोचा। 10 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार पीलीबंगा थाना पुलिस ने मंडी पीलीबंगा निवासी विपिन (24) को 180 प्रतिबंधित टेपेंटाडोल टैबलेट के साथ गिरफ्तार किया। इसके अलावा पल्लू थाना पुलिस ने वर्ष 2025 के एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में वांछित 10 हजार रुपए के इनामी आरोपी भगवानलाल (निवासी काकरियां, थाना कपासन, चित्तौड़गढ़) को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया। भगवानलाल 500 ग्राम अफीम बरामदगी के मामले में वांछित था।