हनुमानगढ़ जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान 'ऑपरेशन चक्रव्यूह' के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। हनुमानगढ़ जंक्शन और नोहर थाना पुलिस ने अलग-अलग मामलों में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने करीब 25 लाख रुपए की हेरोइन (चिट्टा) और प्रतिबंधित नशीली दवाएं बरामद की हैं। तस्करी में प्रयुक्त एक बाइक भी जब्त की गई है। पहली कार्रवाई हनुमानगढ़ जंक्शन थाना पुलिस ने की। पुलिस ने चक 2 केएनजे, जंक्शन निवासी नरेंद्र सिंह उर्फ गगन उर्फ गग्गू को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 124.17 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 25 लाख रुपए है। दूसरी कार्रवाई नोहर थाना पुलिस ने प्रतिबंधित दवाइयों की तस्करी के खिलाफ की। पुलिस ने बाइक पर जा रहे 2 युवकों को रोककर तलाशी ली। उनके पास से 1400 प्रीगाबालिन कैप्सूल और 1000 टेपेंटाडोल टैबलेट बरामद हुए। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बाइक भी जब्त कर ली। नोहर मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दलपतपुरा, थाना नोहर निवासी महेंद्र सिंह और कर्मसाना, थाना खुईयां निवासी प्रमोद कुमार के रूप में हुई है। इन आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर पूछताछ जारी है।