हनुमानगढ़ में पुलिस ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष पहल की है। डांडिया कार्यक्रमों में मनचलों पर नजर रखने के लिए कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की महिला पुलिसकर्मियों को सादे कपड़ों में तैनात किया गया है। इसका मकसद भीड़ का फायदा उठाकर परेशान करने वालों की पहचान करना है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ये महिला पुलिसकर्मी सिविल ड्रेस में ड्यूटी कर रही हैं। सादे कपड़े इसलिए पहनते हैं ताकि बदमाशों को पुलिस की मौजूदगी का पता न चले और उन पर तुरंत कार्रवाई हो सके। यूनिट के गठन के बाद से महिला सुरक्षा में सुधार हुआ है। सार्वजनिक जगहों पर लगातार गश्त करती है कालिका टीम यह यूनिट पार्कों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर लगातार गश्त करती है, जिससे महिलाओं में सुरक्षा का विश्वास बढ़ा है। कालिका पेट्रोलिंग यूनिट स्कूलों-कॉलेजों में राजकॉप सिटीजन ऐप की जानकारी भी दे रही है। इमरजेंसी में ऐप के हेल्पलाइन से सूचना मिलने पर 112 आपातकालीन वाहनों से तुरंत मदद भेजी जाती है। कालिका पेट्रोलिंग यूनिट भी सूचना के अनुसार तत्काल मौके पर पहुंचने का प्रयास करती है। पुलिस की इस पहल का उद्देश्य भीड़भाड़ वाले आयोजनों के दौरान उत्सव के माहौल को सुरक्षित बनाए रखना और महिलाओं व युवतियों को बिना किसी डर के कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के लिए भरोसेमंद वातावरण उपलब्ध करवाना है।