हनुमानगढ़ में महिला सुरक्षा को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस लाइन में विशेष संपर्क सभा आयोजित की गई। जिला पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना की अध्यक्षता में हुई बैठक में महिला बीट अधिकारी योजना, कालिका पेट्रोलिंग, महिला सुरक्षा अभियानों, कानूनी प्रावधानों और हेल्पलाइन सेवाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने फील्ड में तैनात पुलिसकर्मियों को महिला सुरक्षा कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए, वहीं आत्मरक्षा प्रशिक्षण प्राप्त छात्राओं, महिलाओं और सुरक्षा सखियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद कर उनके अनुभव और सुझाव भी लिए। बीट व्यवस्था और कालिका पेट्रोलिंग पर जोर सभा के दौरान महिला बीट अधिकारी योजना और कालिका पेट्रोलिंग की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए महिला बीट व्यवस्था को और सक्रिय किया जाएगा। संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निगरानी बढ़ाने तथा पुलिस की मौजूदगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि महिलाओं को सुरक्षित वातावरण मिल सके। कानूनी अधिकार और हेल्पलाइन की दी जानकारी बैठक में महिला अपराधों से जुड़े कानूनी प्रावधानों, पॉक्सो एक्ट, शी-बॉक्स, ई-बॉक्स, साइबर सुरक्षा, राजकॉप सिटीजन ऐप तथा महिला एवं बाल हेल्पलाइन सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही कार्यस्थलों पर लैंगिक उत्पीड़न (पॉश) से संबंधित प्रावधानों पर चर्चा करते हुए महिलाओं के लिए सुरक्षित कार्य वातावरण सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। पुलिसकर्मियों की समस्याएं भी सुनीं अधिकारियों ने पुलिस और महिला कार्मिकों से सीधा संवाद किया। इस दौरान कर्मचारियों ने अपनी विभागीय और व्यक्तिगत समस्याएं साझा कीं। अधिकारियों ने उनके समयबद्ध समाधान का आश्वासन देते हुए कहा कि पुलिसकर्मियों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण विभाग की प्राथमिकताओं में शामिल है। आत्मरक्षा प्रशिक्षण का अनुभव साझा किया कार्यक्रम के दूसरे चरण में आत्मरक्षा प्रशिक्षण प्राप्त छात्राओं, महिलाओं, गृहिणियों, पीटीआई, सुरक्षा सखियों और राजीविका से जुड़ी महिलाओं के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संवाद किया गया। प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण से बढ़े आत्मविश्वास और अपने अनुभव साझा किए तथा महिला सुरक्षा कार्यक्रमों को और प्रभावी बनाने के लिए सुझाव भी दिए। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग का संचालन एएसपी (एसआईयूसीएडब्ल्यू) राजकंवर और महिला थाना प्रभारी रजनदीप कौर ने किया। उन्होंने अधिक से अधिक महिलाओं को आत्मरक्षा प्रशिक्षण से जोड़ने का आह्वान किया।