हनुमानगढ़ के जंक्शन क्षेत्र में बुधवार को सादुल ब्रांच नहर में पूजन सामग्री विसर्जन के दौरान नहर में डूबने से दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। यह घटना बेबी हैप्पी कॉलेज के नजदीक सादुल ब्रांच नहर में हुई। तीनों युवक पूजन सामग्री विसर्जन के लिए नहर पर पहुंचे थे। बताया गया कि संतुलन बिगड़ने से वे नहर में गिर गए और तेज बहाव में बहने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। आपदा प्रबंधन टीम की सहायता से तीनों युवकों को नहर से बाहर निकाला गया। मौके पर एक युवक की हालत सामान्य थी, जबकि दो की स्थिति गंभीर बनी हुई थी। तीनों युवकों को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने मोहित स्वामी (20) और अमन बाजीगर (19) को मृत घोषित कर दिया। तीसरे युवक मोहित थालौड़ (19) का अस्पताल में इलाज जारी है और उसकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है। तीनों युवक सुरेशिया क्षेत्र के निवासी थे। हादसे की सूचना मिलने पर एसडीएम मांगीलाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद बिश्नोई और सदर थाना प्रभारी राकेश सांखला भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण लापरवाही सामने आ रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।