हनुमानगढ़ के टाउन स्थित राजकीय योग एवं प्राकृतिक अस्पताल में सालासर-पल्लू धाम के पदयात्रियों के लिए नि:शुल्क थैरेपी और प्राकृतिक चिकित्सा शिविर लगा है। यह आयुर्वेद विभाग, सहयोग शक्ति फाउंडेशन व पंजाबी महासभा के सहयोग से चल रहा है। शिविर में सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक डॉक्टर, कर्मचारी, नर्स और स्वयंसेवक सेवाएं दे रहे हैं। पदयात्रियों को थकान व पैरों की तकलीफ से राहत देने के लिए मसाज, वाइब्रेशन थैरेपी और कांसा मशीन से मालिश जैसी सुविधाएं मिल रही हैं। राजकीय योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुलदीप ने बताया कि यह पहल श्रद्धालुओं को राहत देने के लिए है। लंबी दूरी तय करने वाले पदयात्रियों, पुरुष और महिलाएं दोनों को शिविर से काफी आराम मिल रहा है। सहयोग शक्ति फाउंडेशन और पंजाबी महासभा की प्रेरणा पाहुजा ने बताया कि उनके सुझाव पर आयुर्वेद विभाग ने शिविर को मंजूरी दी। विभाग ने जरूरी मशीनें और डॉक्टरों की टीम दी, जिससे सेवा शुरू हो सकी।