हनुमानगढ़ के गांव जोड़कियां स्थित पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल में दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रबल कार्यक्रम मंगलवार को खत्म हुआ। इसमें विभिन्न स्कूलों से आए छात्रों ने प्रतिभा और कौशल दिखाए। 14 प्रतिभागियों में से चार को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चुना गया है, जो राज्य स्तर पर हनुमानगढ़ जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। कार्यक्रम में नाट्य प्रदर्शन, भाषण और पैनल चर्चा जैसी गतिविधियां हुईं। इनका मकसद छात्रों में नेतृत्व क्षमता, अभिव्यक्ति और संवाद कौशल विकसित करना था। मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी पन्नालाल कड़ेला ने समापन समारोह में कहा कि सिर्फ किताबी ज्ञान काफी नहीं, हर व्यक्ति के पास कम से कम एक हुनर जरूरी है। उन्होंने छात्रों को विभाग के तय 14 कौशलों में से चार-पांच में दक्षता हासिल करने को कहा। कड़ेला ने बताया कि पीएम श्री स्कूलों में छात्रों को ऐसे मंच मिल रहे हैं। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 का भी यही मकसद है कि हर व्यक्ति के पास कोई न कोई हुनर हो। जिले के सात ब्लॉकों से दो-दो विद्यार्थियों, एक बालक और एक बालिका, का चयन कर जिला स्तरीय कार्यक्रम में शामिल किया गया। इस प्रकार कुल 14 प्रतिभागियों ने जिला स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया कि प्रबल कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में विभाग की ओर से निर्धारित 14 कौशलों का विकास करना है। विद्यार्थी अपनी प्रतिभा और अनुभवों को अन्य विद्यार्थियों के साथ साझा करते हैं, जिससे उनमें इन कौशलों को सीखने और विकसित करने की क्षमता बढ़ती है। यह कार्यक्रम पीएम श्री विद्यालयों की गाइडलाइंस और उनकी मूल अवधारणाओं को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।