हनुमानगढ़ के टाउन थाना क्षेत्र में एक कपड़ा शोरूम से लाखों रुपए के कपड़े गायब होने का मामला सामने आया है। शोरूम संचालक की शिकायत पर पुलिस ने महिला मैनेजर के खिलाफ गबन का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। क्राउन सिटी निवासी अंश छाबड़ा ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि वह एसएलजी अल्फा मार्केट में लेडीज वियर शोरूम का संचालन करते हैं। उन्होंने पिछले साल सुखविंद्र कौर, निवासी बठिंडा (हाल ढिल्लो कॉलोनी, हनुमानगढ़ जंक्शन) को शोरूम मैनेजर नियुक्त किया था। शुरुआत में उन्हें 1348 पीस कपड़ों का स्टॉक सौंपा गया था। 86 पीस कपड़े कम पाए मिले शिकायतकर्ता के अनुसार 22 अप्रैल को कंपनी द्वारा किए गए ऑडिट में स्टॉक में बड़ी गड़बड़ी पाई गई। अकाउंटिंग सॉफ्टवेयर के अनुसार शोरूम में 1755 पीस कपड़े होने चाहिए थे, लेकिन मौके पर केवल 1669 पीस ही मिले। इस प्रकार कुल 86 पीस कपड़े कम पाए गए, जिनकी अनुमानित कीमत 2 लाख 73 हजार 514 रुपए है। संचालक ने दर्ज कराया मामला परिवादी ने बताया कि स्टॉक मैनेजर से पूछताछ करने पर उसने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। बाद में निजी स्तर पर की गई जांच में सामने आया कि आरोपी कथित तौर पर कपड़े बेचकर राशि अपने खाते में ले रही थी। यह भी जानकारी मिली है कि वह सामान बैग में डालकर शोरूम से बाहर ले जाती थी। अंश छाबड़ा ने आशंका जताई है कि इस गबन में अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। उन्होंने स्टोर से व्यवस्थित तरीके से सामान बाहर ले जाने की संभावना व्यक्त की है। टाउन थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।