हनुमानगढ़ में पुलिस ने गुरुवार रात जिलेभर में 'ए' कैटेगरी की हथियारबंद नाकाबंदी की। यह अभियान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाया गया। इस दौरान पुलिस ने मुख्य मार्गों, शहर के प्रवेश द्वारों और सीमावर्ती क्षेत्रों में सघन चेकिंग की। विशेष नाकाबंदी के तहत जिले के सभी थाना क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। थानाधिकारी और वृत्ताधिकारी (सीओ) हथियारबंद पुलिसकर्मियों के साथ नाकों पर मौजूद रहे और हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रखी। नाकाबंदी पॉइंट्स का औचक निरीक्षण एसपी नरेंद्र सिंह मीणा ने खुद जिला मुख्यालय के विभिन्न नाकाबंदी पॉइंट्स का औचक निरीक्षण किया। इसके अलावा हनुमानगढ़ और नोहर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में नाकाबंदी व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को सतर्कता और प्रभावी चेकिंग के लिए आवश्यक निर्देश दिए। गाड़ियों की विशेष जांच की नाकाबंदी के दौरान बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों, संदिग्ध व्यक्तियों और चोरी की आशंका वाले वाहनों की विशेष रूप से जांच की गई। पुलिस ने कई वाहनों के इंजन और चेसिस नंबरों का मिलान कर उनके दस्तावेजों की पड़ताल की। जिले की सीमाओं से गुजरने वाले वाहनों पर भी कड़ी निगरानी रखी गई ताकि अपराधियों की आवाजाही को रोका जा सके।