हनुमानगढ़ के जंक्शन थाना क्षेत्र के सुरेशिया में एक निर्माणाधीन मकान से करीब 6 लाख रुपए की बिजली फिटिंग की तारें चोरी हो गईं। मकान मालिक प्रताप सिंह शेखावत ने पड़ोस की दुकान के सीसीटीवी फुटेज देखे, जिसमें तीन लोग कट्टों में तारें भरकर ले जाते दिखे। प्रताप सिंह शेखावत (46) ने पुलिस को बताया कि वह वार्ड नंबर 53, सुरेशिया में अपना मकान बनवा रहे हैं। 13 अक्टूबर की सुबह जब वह अपने दोस्त जितेंद्र सिंह जादौन के साथ मकान में काम देखने पहुंचे, तो बिजली फिटिंग की तारें कटी और खींची हुई मिलीं। मकान में रखे तारों के पैक बंडल भी गायब थे। सीसीटीवी फुटेज में अविनाश (वार्ड नंबर 58, सुरेशिया), मुकेश कुमार (वार्ड नंबर 58, सुरेशिया) और अर्श (पीली चक्की के सामने, जंक्शन) तारें ले जाते हुए दिखाई दिए। शिकायतकर्ता ने चोरी हुई तारों की कीमत लगभग 6 लाख रुपए बताई है। जंक्शन थाना पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच सहायक उपनिरीक्षक विजेंद्र नेहरा को सौंप दी है।