हनुमानगढ़ के पीलीबंगा थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक ट्रैक्टर-ट्रॉली सूरतगढ़ ब्रांच नहर में गिर गई। लबाना गांव के पास हुए इस हादसे में 3 लोग सवार थे। इनमें से 2 लोग तैरकर सुरक्षित बाहर आ गए, जबकि एक युवक नहर के तेज बहाव में बह गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की सहायता से लापता युवक की तलाश के लिए बचाव अभियान शुरू किया। यह घटना तब हुई जब गौ सेवा समिति की ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार मंजूर खां, उनके बेटे गुलाम खां और रोहित नामक युवक पास की ढाणी से पशुओं के लिए चारा लेने जा रहे थे। लबाना गांव के पुल के पास अचानक ट्रैक्टर-ट्रॉली का संतुलन बिगड़ गया, जिससे वाहन सीधे सूरतगढ़ ब्रांच नहर में जा गिरा। पिता बच गया, बेटा नहर में बह गया हादसे के बाद मंजूर खां और रोहित तैरकर सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे। लेकिन गुलाम खां नहर के तेज बहाव में बह गया। दोनों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। पीलीबंगा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों के सहयोग से युवक की तलाश शुरू की। काफी देर तक लापता युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका। पुलिस नहर के बहाव वाले क्षेत्रों में लगातार खोजबीन कर रही है और आवश्यक संसाधनों का उपयोग कर रही है।त्र लापता युवक के परिजनों का घटना के बाद से बुरा हाल है। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से बचाव अभियान तेज करने की मांग की है। पुलिस ने बताया कि नहर में लापता युवक की तलाश लगातार जारी है और संबंधित विभागों के सहयोग से यह अभियान चलाया जा रहा है।