हनुमानगढ़ में दीपावली से पहले सफाई और दूसरी व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए नगर परिषद सभापति मंजू रणवां और उपसभापति सोनू बंसल ने शुक्रवार को जंक्शन के वार्ड 54 का दौरा किया। उन्होंने सफाई व्यवस्था देखी और वार्डवासियों की समस्याएं सुनीं। वार्ड पार्षद लाजवंती देवी और पूर्व पार्षद सुनील अमलानी भी उनके साथ थे। वार्डवासियों ने बताया कि नगर परिषद में करीब डेढ़ साल तक प्रशासक रहने के दौरान सफाई व्यवस्था पर असर पड़ा। सफाई कर्मचारियों की कमी से नियमित सफाई नहीं हो पा रही है। लोगों ने पार्कों की खराब हालत, बंद स्ट्रीट लाइटों और टूटी सड़कों की शिकायत भी की। लोगों ने कहा कि लंबे समय से सड़कों का निर्माण नहीं हुआ है। सड़क मरम्मत का टेंडर होने के बावजूद ठेकेदार ने काम शुरू नहीं किया। उन्होंने ठेकेदार को काम शुरू करने के लिए समय सीमा देने की मांग की। लोगों ने कहा कि तय समय में काम शुरू नहीं होने पर टेंडर रद्द कर नए सिरे से टेंडर जारी किया जाए और निर्माण शुरू कराया जाए। सभापति मंजू रणवां ने समस्याओं का जल्द समाधान कराने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि नगर परिषद का नया बोर्ड सभी वार्डों में समान रूप से विकास कार्य कराएगा। चुनाव के बाद कर्मचारियों की कमी भी दूर हो जाएगी। स्ट्रीट लाइटों को लेकर सभापति और उपसभापति ने संबंधित अधिकारियों को जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए। वार्ड में एक क्षतिग्रस्त बिजली का पोल मिलने पर सभापति ने बिजली विभाग के सहायक अभियंता को फोन पर जानकारी दी। एईएन ने पोल जल्द बदलवाने का भरोसा दिया। पूर्व पार्षद सुनील अमलानी ने कहा कि वार्ड भ्रमण का उद्देश्य यह देखना है कि किसी भी वार्डवासी को बुनियादी समस्याओं का सामना न करना पड़े। वार्डवासियों की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाकर उनका जल्द समाधान करवाने का प्रयास किया जाएगा।