हनुमानगढ़ में भीषण गर्मी के बाद मौसम ने करवट ली है। सोमवार दोपहर आंधी चलने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मंगलवार सुबह से आसमान में बादल छाए हुए हैं और हवा चलने से गर्मी का असर कम हुआ है। मौसम विभाग ने आज और कल के लिए आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। सोमवार को हनुमानगढ़ में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मंगलवार को भी तापमान लगभग इसी स्तर पर रहने का अनुमान है, लेकिन बादलों और हवाओं के कारण गर्मी का प्रभाव कम महसूस हो रहा है। आंधी चलने की भी संभावना मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार के अलावा बुधवार को भी बिजली की गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इन दो दिनों में तेज हवाओं के साथ आंधी चलने की भी संभावना जताई गई है। मंगलवार को दिनभर बादल छाए रहने और शाम तक मौसम में और बदलाव आने के संकेत हैं। मौसम विशेषज्ञों ने बताया कि यह बदलाव सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हो रहा है। इसके कारण उत्तर-पश्चिमी राजस्थान में बादल, आंधी और बारिश की गतिविधियां बढ़ गई हैं। विभाग ने आंधी के दौरान बिजली गिरने और तेज हवाओं के खतरे को लेकर चेतावनी जारी की है। लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। खुले स्थानों पर खड़े होने से बचें और पेड़ों या बिजली के खंभों से दूर रहें।