हनुमानगढ़ में भाजपा कार्यकर्ताओं ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर प्रदर्शन किया। टाउन स्थित गवर्नमेंट एनएमपीजी कॉलेज के सामने हुए इस प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला फूंका गया। कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ आक्रोश व्यक्त करते हुए "जन आक्रोश पदयात्रा" भी निकाली, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं और युवा शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने कांग्रेस पर महिलाओं के साथ दोहरी राजनीति करने का आरोप लगाया। वक्ताओं ने कहा कि लोकसभा में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर कांग्रेस का रुख महिलाओं के हितों के विरुद्ध रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं ने ही महिला आरक्षण के मार्ग में बाधाएं उत्पन्न कीं और वर्षों तक महिलाओं को उनके अधिकारों से वंचित रखा। भाजपा जिला मंत्री शिमला मेहंदीरत्ता और नगर मंडल महिला मोर्चा संयोजक प्रेरणा पाहुजा ने कांग्रेस पर वोट बैंक की राजनीति करने और महिला सशक्तिकरण के लिए ठोस कदम न उठाने का आरोप लगाया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को अधिकार दिलाने के प्रयासों की सराहना की। साथ ही, विपक्ष पर महिला आरक्षण विधेयक का विरोध करने का आरोप भी लगाया। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, महिला कार्यकर्ता और युवा उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में महिला आरक्षण का समर्थन किया, कांग्रेस की नीतियों की आलोचना की और महिलाओं के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।