हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान में महिला सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। राज्य सरकार के महिला सुरक्षा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की महिला पुलिसकर्मियों ने सिलाई एवं ब्यूटी पार्लर का प्रशिक्षण ले रही महिलाओं और युवतियों को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षणार्थियों के मोबाइल फोन में राजकोप सिटीजन एप डाउनलोड कराया गया। महिला पुलिसकर्मियों ने बताया कि इस एप के माध्यम से आमजन आसानी से पुलिस से संपर्क कर सकते हैं और आपात स्थिति में त्वरित सहायता प्राप्त कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, उन्हें विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। इनमें 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 1930 (साइबर अपराध हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सहायता) और 1090 (महिला हेल्पलाइन) शामिल हैं। यूनिट की महिला कॉन्स्टेबलों ने रेल यात्रा के दौरान महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा के लिए रेलवे हेल्पलाइन 182 के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि ट्रेन में किसी प्रकार की परेशानी, छेड़छाड़ या असुरक्षा महसूस होने पर इस नंबर पर सूचना देने से रेलवे पुलिस तत्काल सहायता उपलब्ध कराती है और शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाती है। महिला कॉन्स्टेबल माया ने बताया कि कालिका पेट्रोलिंग यूनिट का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और छात्राओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। गश्त के लिए प्रत्येक टीम को स्कूटी दी गई है और सुबह-शाम दो पालियों में स्कूलों, कॉलेजों, पार्कों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर नियमित निगरानी रखी जाती है। उन्होंने यह भी बताया कि विशेष रूप से स्कूल और कॉलेजों की छुट्टी के समय छात्राओं से छेड़छाड़ की शिकायत मिलने पर टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करती है। कार्यक्रम के अंत में प्रशिक्षणार्थियों से अपील की गई कि किसी भी प्रकार की समस्या, उत्पीड़न या साइबर अपराध की स्थिति में चुप न रहें, बल्कि तुरंत पुलिस हेल्पलाइन या कालिका पेट्रोलिंग यूनिट से संपर्क करें। इस अवसर पर संस्थान के अनुदेशक अनिल राठौड़, मुकेश भानुशाली, कार्यालय सहायक गणेशराम, रितिक अरोड़ा, विकास कुमार और सूरज कुमार सहित अन्य मौजूद रहे।