हनुमानगढ़ में पुलिस ने जिले में अपराधियों और नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 3 अलग-अलग कार्रवाई की है। इनमें चोरी के एक आरोपी, अवैध हथियार रखने वाले 1 युवक और एनडीपीएस एक्ट के वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। हनुमानगढ़ जंक्शन थाना पुलिस ने घर में घुसकर चोरी करने के मामले में एक आरोपी को पकड़ा है। 26 मई की देर रात धानमंडी क्षेत्र निवासी हरदेव सिंह संधू के घर से नकदी, सोने-चांदी के आभूषण, एलईडी और अन्य सामान चोरी हो गया था। जांच के दौरान मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी सद्दाम उर्फ बुच्चिया (24) निवासी लखूवाली हेड हाल रणजीतपुरा की पहचान की गई। उसे न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त कर गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ राजस्थान और हरियाणा के विभिन्न थानों में चोरी, नकबजनी, लूट, मारपीट और आर्म्स एक्ट सहित करीब डेढ़ दर्जन मामले दर्ज हैं। दूसरी कार्रवाई में संगरिया थाना पुलिस ने गश्त के दौरान जंडवाला सिखान क्षेत्र में सुखमंदर सिंह (26) निवासी वार्ड नंबर 3, जंडवाला सिखान को गिरफ्तार किया। उसके पास से 2 अवैध देसी पिस्तौल और 12 बोर के 3 जिंदा कारतूस बरामद हुए। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। इस कार्रवाई में एजीटीएफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। तीसरी कार्रवाई रावतसर थाना पुलिस ने की, जिसमें एनडीपीएस एक्ट के एक पुराने मामले में फरार चल रहे वांछित आरोपी दीपक पुनिया उर्फ दुलीचंद (29) निवासी चांदेडी छोटी को गिरफ्तार किया गया।