जयपुर में एक ओर जहां बॉलीवुड की चमक-दमक देखने को मिली, वहीं दूसरी ओर युवाओं को मोटिवेट करने वाला खास आयोजन भी हुआ। शहर में बॉलीवुड एक्ट्रेस सोनल चौहान और लोकप्रिय यूट्यूबर-कॉमेडियन हर्ष बेनीवाल की मौजूदगी ने माहौल को खास बना दिया। शहर के एक क्लब में आयोजित इवेंट में सोनल चौहान ने देर रात तक फिल्मी गानों पर शानदार परफॉर्मेंस दी। उनके डांस और अंदाज ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। इस दौरान उन्होंने जयपुराइट्स से बातचीत करते हुए कहा कि जयपुर आना उनके लिए हमेशा खास रहता है। यहां के लोगों की ऊर्जा उन्हें बेहद पसंद है। उन्होंने कहा कि उनकी फिल्मों को यहां दर्शकों ने हमेशा प्यार दिया है और उन्हें भी भरपूर स्नेह मिला है। सोनल ने जयपुर के बदलते एंटरटेनमेंट कल्चर की भी सराहना करते हुए कहा कि यहां के क्लब और एंटरटेनमेंट का तरीका अब काफी रॉयल हो गया है। हर्ष बेनिवाल ने स्टूडेंट्स को किया मोटिवेट वहीं दूसरी ओर हर्ष बेनीवाल राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित एसएमसी समिट 3.0 में शामिल हुए। यह एजुटेनमेंट फेस्टिवल सॉर्ट माय कॉलेज (SMC) की ओर से आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया। ऑडियंस के साथ इंटरेक्शन के दौरान हर्ष बेनीवाल ने युवाओं को अपने करियर को लेकर फोक्स्ड होकर काम करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि यदि किसी को एक्टिंग में रुचि है तो उसे बॉलीवुड की ओर जाना चाहिए, लेकिन अगर कंटेंट क्रिएशन में दिलचस्पी है तो उसी दिशा में मेहनत करनी चाहिए। उन्होंने अपने शुरुआती संघर्षों को साझा करते हुए बताया कि उनका लक्ष्य शुरू से ही आर्थिक रूप से सक्षम बनना था, ताकि वे अपना घर ले सकें और परिवार की जिम्मेदारियां निभा सकें। अपनी बहन की शादी करा सकूं इसलिए बस उसी पर फोकस करा। कई बार खुद को कमजोर महसूस किया हर्ष ने कहा कि जिंदगी में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं और कई बार व्यक्ति खुद को कमजोर महसूस करता है, लेकिन ऐसे समय में रुकना नहीं चाहिए। उन्होंने बताया कि करियर के शुरुआती दौर में वे काफी डिमोटिवेट हुए थे, लेकिन दोस्तों और परिवार के समर्थन से उन्होंने दोबारा शुरुआत की। उन्होंने एक दिलचस्प किस्सा साझा करते हुए बताया कि उन्हें पहली विज्ञापन फिल्म के लिए मात्र 4000 रुपए मिले थे, जिसके बाद उनके परिवार को उनके काम पर भरोसा हुआ। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें सेल्फ-डिप्रिशिएटिंग ह्यूमर पसंद है और वे नेगेटिव कमेंट्स को ज्यादा महत्व नहीं देते।