पश्चिमी राजस्थान में मौसम के मिजाज में तेजी से बदलाव आ रहा है। मरुधरा में सूरज की तपिश अब आम जनजीवन को प्रभावित करने लगी है। बीकानेर में सोमवार को बादलों की आवाजाही के कारण धूप की तीव्रता में मामूली कमी जरूर महसूस की गई, लेकिन मौसम विभाग के पूर्वानुमान ने आने वाले दिनों के लिए चिंता बढ़ा दी है। आगामी 21, 22 और 23 अप्रैल को जिले में लू चलने के आसार जताए गए हैं। सोमवार को बीकानेर के आसमान में निम्न परत के बादल छाए रहे। इन बादलों की वजह से सीधे पड़ने वाली धूप का असर तो कम रहा, लेकिन वातावरण में उमस बढ़ गई। अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस रहा। हालांकि यह राहत एक-दो दिन ही है क्योंकि वायुमंडल की ऊपरी परतों में शुष्क हवाओं का दबाव बढ़ रहा है। मौसम के पूर्वानुमान के तहत अगले 72 घंटे बीकानेरवासियों के लिए भारी पड़ सकते हैं। मंगलवार से गुरुवार तक लू के थपेड़े परेशान करेंगे। अनुमान है कि दिन का तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के आंकड़े को पार कर सकता है। केवल दिन ही नहीं, बल्कि रातें भी अब गर्म होने वाली हैं। रात का पारा 27 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है, जिससे देर रात तक गर्मी का अहसास बना रहेगा। 25 अप्रैल को फिर बदल सकता है मौसम भीषण गर्मी के बीच राहत की एक खबर यह है कि 25 अप्रैल के आसपास मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसमी सिस्टम में होने वाले फेरबदल के कारण तापमान में एक से दो डिग्री की गिरावट आने का अनुमान है। हालांकि, उससे पहले आने वाले तीन दिन झुलसाने वाली गर्मी का सामना करना पड़ेगा।