भास्कर संवाददाता |टोंक जिले में शनिवार को मौसम शुष्क और गर्म रहा। दिन का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान 24-25 डिग्री के करीब रहा। सुबह से दोपहर तक तेज धूप निकली और गर्म हवाएं चलीं, जिससे लोगों को काफी गर्मी का एहसास हुआ। शाम को हल्की राहत मिली, लेकिन रात भी गर्म रही। मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार, टोंक में आगामी दिनों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा। 19 से 22 अप्रैल तक अधिकतम तापमान 39 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। न्यूनतम तापमान 25 से 28 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। कुछ दिनों में हल्की बढ़ोतरी या स्थिरता बनी रह सकती है, लेकिन बारिश की उम्मीद नहीं है। गर्मी से बचाव के लिए दिन में 12 बजे से 4 बजे तक बाहर निकलने से बचें। भरपूर पानी पिएं, हल्के कपड़े पहनें और बच्चों तथा बुजुर्गों का खास ध्यान रखें। खेतों में काम करने वाले किसान दोपहर की तेज धूप से बचें। अगर तापमान और बढ़ा तो लू चलने की संभावनाएं अधिक रहेगी। राज्य के कई हिस्सों में मौसम विभाग ने लू का अलर्ट जारी कर रखा है। जिले में भी निरंतर तापमान में बढ़ोतरी रहने पर यहां पर भी लू की चेतावनी जारी होने की संभावनाएं अधिक है।