झीलों की नगरी में गर्मी का कहर लगातार जारी है। दोपहर होते ही तीखी धूप आमजन को बेहाल कर रही है और सड़कों पर सन्नाटा पसरने लगा है। तपती सड़कों और झुलसाती हवाओं के बीच आमजन के पसीने छूट रहे हैं। हालांकि, मौसम विभाग ने आगामी दो दिनों में मौसम के मिजाज में बदलाव के संकेत दिए हैं। उदयपुर में पिछले 24 घंटों के दौरान दिन और रात, दोनों के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। 28 अप्रैल के मुकाबले 29 अप्रैल को गर्मी का असर और अधिक तीखा रहा। बुधवार को दिन का तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि रात का पारा 25.6 डिग्री रहा। दिन के तापमान में 28 अप्रैल के मुकाबले 29 अप्रैल को 0.5 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई। रात के तापमान में बीती रात अधिक गर्म रही, जिसमें न्यूनतम तापमान में 1.6 डिग्री का उछाल देखा गया। नन्ही हथेली पर राहत की बूंदें गर्मी के बीच बुधवार दोपहर सहेलियों की बाड़ी में कई पर्यटक पहुंचे। गर्मी से राहत पाने के लिए इस दौरान एक मासूम बच्ची फव्वारे के पानी से हाथों को भिगोती नजर आई। विक्षोभ से मिलेगी हीट वेव से मुक्ति मौसम विशेषज्ञ डॉ. आरएस देवड़ा के अनुसार, उत्तर पश्चिमी भारत में सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मेवाड़ क्षेत्र के मौसम में बदलाव आने वाला है। अरावली पर्वतमाला के सहारे बनी ट्रफ लाइन के कारण हवाओं की गति तेज होगी। इससे उदयपुर और मेवाड़ क्षेत्र में बादल छाए रहने के साथ कहीं-कहीं हल्की खण्ड वर्षा हो सकती है। आने वाले 2 दिनों तक बादल छाए रहने और हल्की बारिश की गतिविधियों से तापमान में कमी आएगी, जिससे वर्तमान में चल रही हीट वेव से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम वैज्ञानिकों ने खण्ड वर्षा के साथ तेज हवाएं चलने की भी स्थिति बनने की संभावना जताई है।