भीषण गर्मी और हीट वेव की स्थिति के मद्देनजर, जिला प्रभारी एवं अतिरिक्त निदेशक (आरसीएच) जयपुर डॉ. जोगेश्वर ने बालोतरा के जिला अस्पताल, सिणधरी और गुड़ामालानी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया। सतर्कता बरतने के निर्देश दिए निरीक्षण के दौरान, उन्होंने सभी चिकित्सा अधिकारियों और कर्मचारियों को हीट वेव से निपटने के लिए पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने सुनिश्चित करने को कहा कि सभी स्वास्थ्य संस्थानों में कोल्ड बॉक्स, आइस पैक, आवश्यक दवाइयां, ओआरएस और आईवी फ्लूइड पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हों, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। डॉ. जोगेश्वर ने योग्य बालिकाओं के शत-प्रतिशत एचपीवी टीकाकरण पर विशेष जोर दिया और आमजन में इसके प्रति जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने वार्डों में नियमित रूप से बेडशीट बदलने, ओआरएस कॉर्नर स्थापित करने और हीट वेव के मरीजों के लिए अलग बेड आरक्षित रखने को भी कहा। साथ ही, वार्डों में कूलर और एसी की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। हीट वेव वार्ड, एसएनसीयू, मेल-फीमेल वार्ड का निरीक्षण किया बालोतरा जिला अस्पताल में हीट वेव वार्ड, एसएनसीयू, मेल-फीमेल वार्ड, आपातकालीन कक्ष और आईसीयू का गहन अवलोकन किया गया। डॉ. जोगेश्वर ने बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट के नियमों का सख्ती से पालन करने और सभी चिकित्सा कर्मियों को इस संबंध में नियमित प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, अस्पताल परिसर में स्वच्छता बनाए रखने, समय-समय पर ओडीके एंट्री करने और मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए गए। जर्जर भवनों की स्थिति पर तत्काल रिपोर्ट प्रस्तुत करने के भी आदेश दिए गए। उन्होंने जिला और खंड स्तर के अधिकारियों के साथ योजनाओं और कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए प्रगति में सुधार लाने पर जोर दिया। ये रहे मौजूद निरीक्षण के समय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. वांकाराम चौधरी, प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. संदीप कुमार देवात, बीसीएमओ सिणधरी डॉ. अर्जुन विश्नोई, बीसीएमओ गुड़ामालानी डॉ. बाबूलाल, जिला कार्यक्रम अधिकारी विजय सिंह, बीपीएम अमरसिंह, लक्ष्मण गौड़ सहित अन्य चिकित्सा अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।