राजसमंद | राज्य सरकार के निर्देश पर जिले में सभी गर्भवती महिलाओं को समय पर बेहतर प्रसव पूर्व सेवाएं देने के लिए सघन पर्यवेक्षण अभियान शुरू हुआ। अभियान 18 जुलाई तक चलेगा। उद्देश्य हाई रिस्क प्रेग्नेंसी वाली महिलाओं की पहचान करना है। ट्रैकिंग करना है। प्रसव प्रबंधन सुनिश्चित करना है। अभियान के क्रियान्वयन को लेकर जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी, कार्यवाहक सीएमएचओ सुरेश मीणा ने वीडियो कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने जिले के सभी प्रमुख चिकित्सा अधिकारियों, सीएचसी-पीएचसी के चिकित्सा अधिकारी प्रभारियों को दिशा-निर्देश दिए। सुरेश मीणा ने बताया कि अभियान में पहले से चिन्हित गर्भवती महिलाओं की जांच होगी। अभियान में मिलने वाली नई गर्भवती महिलाओं की भी जांच होगी। स्वास्थ्य निरीक्षण प्रसाविका, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी करेंगे। जरूरत पड़ने पर उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की जांच चिकित्सा अधिकारी, स्त्री रोग विशेषज्ञ करेंगे। उन्होंने बताया कि पहले से चिन्हित हाई रिस्क प्रेग्नेंसी वाली महिलाओं को टैग किया जाएगा। अभियान के दौरान मिलने वाली हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं को भी टैग किया जाएगा। संबंधित क्षेत्र की आशा, स्वास्थ्य कार्यकर्ता, प्रसाविका, सीएचओ को साथ जोड़ा जाएगा। ये स्वास्थ्यकर्मी गर्भकाल के पूरे समय निगरानी रखेंगे। प्रसव के बाद 42 दिन तक विशेष ध्यान देंगे। किसी भी समस्या पर महिला को तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया जाएगा। वहां चिकित्सा अधिकारी, स्त्री रोग विशेषज्ञ से जांच कराई जाएगी। गुरूवार को जिलेभर में आंगनबाड़ी केंद्रों या अन्य चिन्हित स्थानों पर मातृ शिशु स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस होगा। गांव की सभी गर्भवती, प्रसूता महिलाओं को आशा बुलाएंगी। वहां प्रसाविका, सीएचओ जांच करेंगे। क्षेत्र में 2 से 4 सत्रों पर चिकित्सा अधिकारी, एलएचवी भी जांच करेंगे। जानकारी मोबाइल ऐप से भेजी जाएगी। सत्रों का निरीक्षण बीसीएमओ, ब्लॉक प्रोग्राम ऑफिसर, ब्लॉक आशा सुपरवाइजर, सेक्टर आशा सुपरवाइजर करेंगे। सुरेश मीणा ने बताया कि हाई रिस्क प्रेग्नेंसी को लेकर स्वास्थ्य भवन में कंट्रोल रूम बनाया गया है। कंट्रोल रूम से हाई रिस्क महिलाओं को फोन किया जाएगा। उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली जाएगी। फील्ड स्तर पर मिल रही प्रसव पूर्व सेवाओं की जानकारी भी ली जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी स्वास्थ्य कार्यकर्ता, चिकित्सा अधिकारी सतर्क रहें। गुणवत्तापूर्ण प्रसव पूर्व सेवाएं सुनिश्चित करें।