गरदेटा| समीपवर्ती ढिकवानी गांव में बुधवार देर रात हाई वोल्टेज आने से एक घर में आग लग गई। हादसे में करीब 9 ट्रॉली चारा, 15 क्विंटल गेहूं जल गए। साथ ही घर के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण टीवी, फ्रिज, कूलर, पंखा आदि भी जल गए। घटना के समय गांव में सामूहिक विवाह सम्मेलन चल रहा था। आग लगने की घटना से अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने पानी की मोटर चलाकर आग पर बड़ी मशक्कत के बाद काबू पाया। गुरुवार सुबह तक आग सुलगती रही। पीड़ित निलेश मेहता ने बताया कि उनके घर के पास बाड़े में ट्रांसफॉर्मर लगा है। देर रात ट्रांसफॉर्मर का तार अचानक टूट गया। तार घरेलू बिजली लाइन के संपर्क में आ गया। जिससे घर में हाई वोल्टेज करंट दौड़ गया। देखते ही देखते आग भड़क गई। आग ने बाड़े में बने घर में रखा चारा चपेट में ले लिया। घर के भीतर रखा गेहूं भी जल गया। टीवी, फ्रिज, कूलर, पंखे भी जल गए। परिवार का कहना है कि ढीले, जर्जर तार की शिकायत कई बार बिजली निगम से की थी, लेकिन किसी अधिकारी ने ध्यान नहीं दिया। समय रहते तार ठीक होता तो नुकसान नहीं होता।