सदर थाना क्षेत्र के बरखेड़ा गांव में सोमवार सुबह प्रेम प्रसंग का मामला उस समय हाई वोल्टेज ड्रामे में बदल गया, जब 20 वर्षीय एक युवती अपने प्रेमी से शादी की जिद को लेकर करीब 150 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई, जहां लोग तमाशबीन बने रहे। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस हरकत में आई। एसडीएम दीपक मित्तल, एडिशनल एसपी हरिराम कुमावत, नायब तहसीलदार वैशाली धाकड़ और सदर थाना प्रभारी शैलेंद्र कुमार जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। परिजनों, ग्रामीणों और प्रेमी युवक के माध्यम से लगातार युवती को समझाने का प्रयास किया गया। करीब साढ़े पांच घंटे तक चली समझाइश के बाद युवती टावर से नीचे उतरने को राजी हुई, जिसके बाद प्रशासन और पुलिस ने राहत की सांस ली। बाद में युवती का स्वास्थ्य परीक्ष्ज्ञण करा। नारी निकेतन भेज दिया। नायब तहसीलदार की समझाइश आई काम एसडीआरएफ, सिविल डिफेंस की टीमों और एंबुलेंस को अलर्ट पर रखा गया। टावर पर काम कर रहे टेक्नीशियन के जरिए युवती तक पानी पहुंचाया गया और मोबाइल के माध्यम से उसकी प्रेमी युवक से बात भी कराई गई। इस दौरान नायब तहसीलदार वैशाली धाकड़ ने युवती से भावनात्मक तरीके से संवाद किया और उसके भविष्य को लेकर समझाइश की। महिला अधिकारी की इस पहल का असर हुआ और युवती नीचे उतरने के लिए तैयार हो गई। विवाह के लिए युवती के परिजन तैयार नहीं जानकारी के अनुसार युवती और गांव के ही युवक के बीच करीब एक साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों की आमने-सामने दुकान होने के कारण उनके बीच नजदीकियां और बढ़ गईं। युवती अंतर्जातीय विवाह करना चाहती थी, लेकिन उसके परिजन इसके लिए तैयार नहीं थे। बताया जा रहा है कि प्रेम प्रसंग का पता लगने पर परिजनों ने रविवार को युवती का मोबाइल फोन छीन लिया, जिससे नाराज होकर उसने यह कदम उठा लिया और सोमवार सुबह टावर पर चढ़कर अपने प्रेमी से शादी कराने की मांग करने लगी । वहीं पुलिस ने प्रेमी युवक को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही दोनों के खिलाफ बिना अनुमति टावर पर चढ़ने और अपनी जान जोखिम में डालने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।