मानसून ने 24 घंटे के भीतर पूरे हिमाचल प्रदेश को कवर कर दिया है। बीते मंगलवार को मानसून ने छह जिलों में दस्तक दी थी। मौसम विभाग ने अगले 4-5 दिनों के दौरान राज्य में भारी बारिश की चेतावनी दी है। मानसून ने एंट्री के साथ ही तबाही मचाना शुरू कर दिया है। मंडी के ओट में आज सुबह शनि मंदिर के पास पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। नालागढ़ की महिला अपने बच्चे को टॉयलेट कराने गाड़ी से बाहर उतरी थी, तभी पहाड़ी से अचानक पत्थर गिरा और महिला को लगने से उसकी मौके पर मौत हो गई। उधर, ऊना जिला मुख्यालय से 6 किलोमीटर दूर बहडाला स्कूल के ज्यादातर क्लासरूम में पानी घुस गया। समर वेकेशन के बाद बच्चे आज पहली बार स्कूल आए थे। मंडी में भी बारिश के बाद ब्यास का वाटर लेवल बढ़ गया है। प्रशासन ने लोगों से नदी किनारे नहीं जाने की अपील की है। न्यूगल खड्ड भी उफान पर आ गई। चंबा के सलूणी के लनोट गांव में तेज बारिश के बाद मलबा लोगों के घरों में घुस गया। नगरोटा सूरिया में 102.5 मिमी बारिश वहीं राज्य के अन्य भागों में बीती शाम से दोपहर तक भारी बारिश हुई। कांगड़ा के नगरोटा सूरिया में बीती रात में सबसे ज्यादा 102.5 मिमी और घमरोर में 95.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। चंबा में भी पांच घंटे तक तेज बारिश हुई। इससे चंबा-तीसा हाईवे समेत क्षेत्र की कई सड़कें अवरुद्ध हो गई। लाहौल स्पीति में बर्फ पिघलने से बाढ़ लाहौल स्पीति में बर्फ तेजी से पिघलने के बाढ़ जैसे हालात बने हुए है। इससे मनाली-काजा एनएच चिचोंग-खोलकसा के पास आज सुबह बंद हो गया। यहां पानी की निकासी को लगाए कलवट बंद होने से सड़क टूट गई। जिस्पा क्षेत्र में भी बीती रात पानी के तेज बहाव के साथ भारी मलबा सड़क पर आ गया। इससे मनाली-लेह और मनाली-जांस्कर मार्ग पूरी तरह बंद हो गए। कुछ गाड़ियां भी फंस गई। बीआरओ ने रात 12 बजे के बाद पानी का वाटर लेवल कम होने के बाद हाईवे को बहाल किया। जहालमा नाले में भी बाढ़ के बाद लोग जान जोखिम में डालकर नाले को पार कर रहे हैं। किसान अपनी फसल लेबर के जरिए नाले से पार निकाल रहे हैं। रामपुर में टूटा टैम्परेरी पुल शिमला के रामपुर के गानवी में बीती रात को तेज बारिश के बाद टैम्परेरी पुल टूट गया। इससे तीन पंचायतों का संपर्क कट गया है। शिमला में भी सुबह सवा 10 बजे से दोपहर एक बजे तक बारिश हुई। मंडी, कुल्लू और हमीरपुर के कई भागों में भी दोपहर तक बारी हुई। 44 सड़कें और 254 बिजली ट्रांसफॉर्मर बंद राज्य में बीते 24 घंटे के दौरान हुई बारिश के बाद 44 सड़कें और 254 बिजली के ट्रांसफॉर्मर ठप हो गए। मंडी में सबसे ज्यादा 28 और कुल्लू जिला में 14 सड़कें अवरुद्ध है। राज्य में अगले छह दिन बारिश की चेतावनी मौसम विभाग (IMD) के अनुसार- प्रदेश में अगले छह दिन तक बरिश जारी रहेगी। आज भी किन्नौर, लाहौल स्पीति और कुल्लू को छोड़कर अन्य सभी जिलों में तेज बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। किन्नौर और लाहौल स्पीति जिला में 40 से 50 किलोमीटर की रफ्तार से तूफान चलने की चेतावनी दी गई है। आज रात से वेस्टर्न डिस्टरबेंस ज्यादा स्ट्रांग होगा। इसे देखते हुए अगले 48 घंटे तक (2 व 3 जुलाई) राज्य के मैदानी व मध्यम ऊंचाई वाले भागों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट दिया गया है। कल 4 जिलों में ऑरेंज अलर्ट 2 जुलाई को कांगड़ा, मंडी, शिमला और सिरमौर जिला में ऑरेंज अलर्ट की चेतावनी दी गई है, जबकि तीन जुलाई को कांगड़ा, मंडी व सिरमौर जिला में भारी बारिश का अलर्ट है। चार जुलाई को यलो मंडी, शिमला व सिरमौर जिला में यलो अलर्ट की चेतावनी है। पांच व छह जुलाई को फिर से भारी बारिश का चेतावनी दी गई है। नदी-नालों और लैंडस्लाइड संभावित क्षेत्रों में नहीं जाने की एडवाइजरी IMD ने खराब मौसम के दौरान लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। प्रशासन ने लोगों को नदी-नालों के आसपास जाने से बचने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने और ऊंचाई वाले इलाकों में अनावश्यक यात्रा न करने की सलाह दी है। मानसून के दौरान पर्यटकों और स्थानीय लोगों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने की भी हिदायत दी गई है। तापमान 4 से 5 डिग्री गिरेगा IMD के अनुसार- राज्य में अगले 3-4 दिनों में रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री और अधिकतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस गिरेगा। अभी ज्यादातर शहरों का अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है। मानसून की पहली बारिश से नुकसान के PHOTOS…