हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला के शाहपुर की बोह घाटी में आज दोपहर के वक्त बादल फटने से भारी तबाही हुई। स्पैड़ा और गढ़गून गांव में तेज बारिश के बाद अचानक आए फ्लैश फ्लड से छह से अधिक मकान और आठ गौशालाएं क्षतिग्रस्त हो गई। इसमें 5 से ज्यादा पालतू मवेशी भी बह गए। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें राहत एवं बचाव कार्य के लिए रवाना हुईं, लेकिन डिब्बा और मानेड नाला क्षेत्र में भूस्खलन और सड़क पर मलबा आने से राहत कार्य प्रभावित हुआ। कांगड़ा जिला में भारी बारिश से कई सड़कें बंद हैं। बिजली और पेयजल आपूर्ति भी बाधित हो गई है। राज्य के अन्य भागों में भी लैंडस्लाइड से सड़कें व रास्ते बंद है। मंडी जिला में कोटली-धर्मपुर सड़क पर लैंडस्लाइड। सड़क बंद होने से सड़क के दोनों ओर गाड़ियां फंस गई। चंबा को नूरपुर से जोड़ने वाली लाहडू-नूरपुर सड़क पर भी सड़क धंस गई। ठियोग-चंबा में स्कूल-कॉलेज बंद वहीं चंबा जिला और ठियोग में मूसलाधार बारिश के बाद प्रशासन ने सभी शिक्षण संस्थानों में आज छुट्टी घोषित की। मंडी, कांगड़ा और सिरमौर जिला के शिक्षण संस्थान पहले ही बंद है। बीती रात में पालमपुर में सबसे ज्यादा 136.4 मिमी, सिरमौर के ददाहू में 105.6 मिमी, पांवटा का साहिब 79.8 मिमी और धर्मशाला 75.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। आज इन जिलों में रेड अलर्ट मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने कल सुबह 8 बजे तक चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और सिरमौर जिलों के कुछ स्थानों के लिए अत्यधिक बारिश का रेड अलर्ट जारी कर रखा है। इस बीच, IMD दिल्ली ने भी कल सुबह 5:30 बजे तक चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, सिरमौर, शिमला, सोलन, लाहौल-स्पीति और किन्नौर जिलों के लिए फ्लैश फ्लड का अलर्ट जारी किया है। IMD ने चेतावनी दी है कि तेज बारिश के कारण भूस्खलन, जलभराव और नदियों-नालों के जलस्तर में अचानक बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है। कल 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट कल यानी 22 जुलाई को भी मौसम खराब बना रहेगा। ऊना, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी और सिरमौर में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट दिया गया है, जबकि बिलासपुर, चंबा, कुल्लू, सोलन और शिमला में मध्यम से तेज बारिश का पूर्वानुमान है। 23 जुलाई से कुछ जिलों में वेस्टर्न डिस्टरबेंस थोड़ा कमजोर पड़ेगा, लेकिन राज्य के कुछ भागों में तेज बारिश जारी रहेगी। हमीरपुर, शिमला, कांगड़ा और मंडी जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।
24 जुलाई को इन जिलों में बारिश के आसार 24 जुलाई को हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार- 25 जुलाई तक प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में मौसम खराब रहेगा और बारिश का दौर जारी रहेगा। बारिश के बाद तापमान में गिरावट राज्य में बीते दो दिन से हो रही बारिश के बाद कई शहरों के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। कई शहरों का पारा सामान्य से 6 डिग्री तक नीचे गिरा है। चंबा का पारा नॉर्मल से 5.6 डिग्री नीचे गिरने के बाद 28.4 डिग्री सेल्सियस रह गया है। मानसून सीजन में सामान्य से 18% कम बारिश मौसम विभाग के अनुसार- इस मानसून सीजन (1 जून से 20 जुलाई तक) में सामान्य से 18 प्रतिशत कम बारिश हुई है। इस अवधि में 256.8 मिमी नॉर्मल बारिश होती है, लेकिन इस बार 210 मिमी बादल बरसे हैं। बिलासपुर में सामान्य से 29 फीसदी कम, हमीरपुर में 41 फीसदी, कांगड़ा में 24 फीसदी, लाहौल स्पीति में 53 फीसदी, मंडी में 33 फीसदी और सिरमौर जिला में सामान्य से 18 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है।