पश्चिमी राजस्थान के अलावा गुजरात से आ रही गर्म हवाओं ने मौसम का मिजाज गर्म कर दिया है। इस कारण लगातार तापमान बढ़ रहा है। चार दिन में 5 डिग्री तापमान की वृद्धि हुई है। रातें भी गरमा रही हैं। सोमवार को न्यूनतम तापमान 24 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि 8 मई को तापमान 19 डिग्री था। इसी प्रकार दिन के तापमान में भी इन चार दिनों में लगभग 5 डिग्री का इजाफा हुआ है। सोमवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विशेषज्ञ इसे ‘रियल फील’ या हीट इंडेक्स का असर मान रहे हैं। हवा में नमी, गर्म सतही हवाएं और शहर के कंक्रीट ढांचे से निकलने वाली गर्मी से तापमान में वृद्धि हो रही है। इस कारण देर रात तक गर्माहट बनी रहती है। मौसम वैज्ञानिक एसके गुप्ता के मुताबिक इस समय पश्चिम और उत्तर-पश्चिम दिशा से आने वाली गर्म हवाएं सीधे राजस्थान और गुजरात के इलाकों से होकर आ रही हैं। इधर, गर्मी कम महसूस होने की उम्मीदों पर आर्द्रता ने पानी फेर दिया। सुबह के समय हवा में नमी का स्तर 60% तक पहुंच गया, जो सामान्य से 22% अधिक है। सोमवार को आर्द्रता 77.9 प्रतिशत दर्ज की गई। हवा में नमी अधिक होने के कारण पसीना नहीं सूख रहा था, जिससे लोगों ने भारी उमस और बेचैनी महसूस की। आगे क्या: लू चलने के बनने लगे आसार... वातावरण से नमी कम होते ही शुष्क हवाएं प्रभावी होंगी। इससे गर्मी का असर बढ़ेगा। इससे आने वाले 48 घंटों में दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। गुरुवार तक पारा 42 डिग्री को क्रॉस कर सकता है। दोपहर 12 से 4 बजे के बीच लू जैसे हालात बन सकते हैं। गर्म हवाओं की रफ्तार बढ़ने और रात का तापमान 27 डिग्री के आसपास बने रहने की संभावना है।