आऊ| रिडमलसर ग्राम के मानासर स्थित स्वामियों की ढाणी में हनुमान गिरी पुत्र खेतगिरी के घर में अचानक आग लगने से घरेलू सामान, नकदी, जरूरी कागजात, बिस्तर, अनाज और आभूषण सहित सब कुछ जलकर राख हो गया। हादसे में परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। समाजसेवी जालम सिंह ने बताया कि घर में अचानक आग लगने से कुछ ही देर में लपटें तेज हो गईं। आग देखकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन पर्याप्त संसाधन नहीं होने से आग पर काबू पाने में परेशानी हुई। जब तक आग बुझाई गई, तब तक घर में रखा सारा सामान जल चुका था।