भास्कर न्यूज| जैसलमेर जिले में एचपीवी टीकाकरण अभियान लगातार जारी है। सीएमएचओ डॉ. राजेंद्र कुमार पालीवाल ने बताया कि 28 फरवरी से अब तक 1 हजार 327 बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाई गई है। मंगलवार व बुधवार को विभिन्न क्षेत्रों में कुल 31 टीकाकरण सत्र हुए। इनमें 313 बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाई गई। विभागीय कार्मिकों ने सत्रों में मौजूद बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन का महत्व बताया। उपयोगिता की जानकारी दी। जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. निखिल शर्मा ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं के लिए निशुल्क टीकाकरण सत्र लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। एचपीवी टीका सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए प्रभावी है। सुरक्षित है। डॉ. पालीवाल ने 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं, अभिभावकों से अपील की कि वे जागरूक रहें। समय पर टीकाकरण कराएं। टीकाकरण के लिए बालिका का आधार कार्ड साथ लाना जरूरी होगा। टीकाकरण से पहले लाभार्थी का पंजीकरण यू विन पोर्टल पर किया जाएगा। ओटीपी सत्यापन के बाद ही टीका लगेगा। डॉ. पालीवाल ने कहा कि बालिकाओं के बेहतर स्वास्थ्य, सुरक्षित भविष्य के लिए यह अभियान बेहद महत्वपूर्ण है। आमजन से सहयोग की अपील की।