नाथद्वारा के पीएमश्री श्री गोवर्धन उच्च माध्यमिक राजकीय विद्यालय, में शनिवार को एचपीवी वैक्सीनेशन ड्राइव को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं एवं उनके अभिभावकों को सर्वाइकल कैंसर और उससे बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करना रहा। सर्वाइकल कैंसर के कारण बताए कार्यक्रम में सीएमएचओ डॉ हेमंत बिंदल मुख्य अतिथि रहे। उनके साथ पीएमओ अनिल शाह, गाइनेकॉलोजिस्ट डॉ. प्रतिभा और डॉ. बीएल जाट ने छात्राओं को संबोधित किया। विशेषज्ञों ने सर्वाइकल कैंसर के कारण, लक्षण और बचाव के उपायों पर विस्तार से जानकारी देते हुए एचपीवी टीकाकरण की महत्ता बताई। बच्चियों के टीकाकरण के बारे में बताया सीएमएचओ बिंदल ने बताया कि 9 से 14 वर्ष की बालिकाओं को इस टीकाकरण अभियान के तहत निशुल्क टीका लगाया जाएगा। सरकार का लक्ष्य हर साल एक करोड़ से अधिक बालिकाओं को इस अभियान से जोड़ना है। उन्होंने विश्वास जताया कि नाथद्वारा क्षेत्र में जागरूकता के चलते टीकाकरण का लक्ष्य शत-प्रतिशत हासिल किया जाएगा। विशेषज्ञों से पूछे सवाल कार्यक्रम के दौरान छात्राओं व अभिभावकों ने टीके से जुड़े सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने समाधान किया और भ्रांतियों को दूर करते हुए टीकाकरण को पूरी तरह सुरक्षित बताया। इस अवसर पर विद्यालय प्राचार्या लीना भट्ट सहित स्टाफ सदस्य और अभिभावक मौजूद रहे।